■ सजेगी कव्वाली की महफिल
सतना। जिले के उचेहरा में नौगजा शाह दाता रहमतुल्लाह अलैह का उर्स मुबारक है। इस क्रम में 29 मई शुक्रवार को चादर पोशी धूमधाम से करने के बाद लंगर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रथम दिवस 30 मई शनिवार की रात कव्वाली हुई। आयोजन समिति के मुताबिक उर्स-ए-मुबारक के दूसरे दिन भी आज 31 मई की रात कव्वाली और लंगर का आयोजन किया जाएगा। कव्वाली कार्यक्रम में टीवी और रेडियो सिंगर फैजान ताज नागपुर, नईम साबरी बदायूं और मशहूर कव्वाला नेहा सुल्तानी उन्नाव अपने सूफियाना कलाम और दिलकश आवाज़ से अकीदतमंदों को रूहानी माहौल में सराबोर करेंगे।पूरी रात चलने वाली इस
महफिल-ए-समा में हजारों की संख्या में दूर-दराज से लोग शामिल होंगे, जहां सिर्फ़ कव्वाली ही नहीं बल्कि हिंदू-मुस्लिम एकता, आपसी भाईचारे और मोहब्बत का खूबसूरत मंजर भी देखने को मिलेगा। हर साल की तरह इस बार भी दोनों समुदायों के लोग मिल-जुलकर उर्स-ए-मुबारक में शरीक होंगे और गंगा-जमुनी तहज़ीब की बेहतरीन मिसाल पेश करेंगे।
गौरतलब है कि दरगाह हज़रत नौगजा शाह दाता रहमतुल्लाह अलैह और संत विदेहीं दास जी की यह मुक़द्दस सरज़मीं पूरे संभाग में आपसी सौहार्द्र, इंसानियत और हिंदू-मुस्लिम एकता की पहचान मानी जाती है। यहां हर साल उर्स के दौरान जो रूहानी, मोहब्बत भरा और भाईचारे का माहौल बनता है, वह लोगों के दिलों को जोड़ने का काम करता है। उर्स कमेटी के सदर मुबारक अली भूरा ने तमाम अकीदतमंदों और क्षेत्रवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उर्स-ए-मुबारक में शरीक हों, औलिया अल्लाह की बारगाह में हाज़िरी दें और इस रूहानी व भाईचारे से भरी महफिल का हिस्सा बनें।
