सतना। NEET पेपर लीक के विरोध में मैहर में युवक कांग्रेस ने सड़कों पर अपनी ताकत दिखाई। यूथ प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया और जिला अध्यक्ष सौरभ शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रेलवे स्टेशन की ओर कूच किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ट्रेन रोकने का प्रयास किया। पुलिस ने पहले से ही यहां फोर्स तैनात कर रखी थी।
रेलवे स्टेशन बना पुलिस छावनी
प्रदर्शन की पूर्व सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। भारी पुलिस बल तैनात किया गया। स्टेशन परिसर के विभिन्न प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग लगाई गई, ताकि किसी भी स्थिति में रेल यातायात प्रभावित न हो सके। दोपहर में युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जत्था नारेबाजी करते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए NEET परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कई बार धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर रेलवे ट्रैक की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण बना रहा, हालांकि पुलिस की मुस्तैदी के कारण स्थिति नियंत्रण में रही। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के दौरान कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी, लेकिन बाद में पुलिस ने सभी को शांतिपूर्वक हिरासत में लेकर प्रदर्शन समाप्त कराया। गिरफ्तारी से पहले मीडिया से चर्चा करते हुए युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया ने कहा NEET पेपर लीक प्रकरण ने लाखों मेहनती छात्रों के सपनों को आघात पहुंचाया है। सीएसपी महेंद्र सिंह ने बताया युवा कांग्रेस द्वारा नीट परीक्षा को लेकर प्रदर्शन किया। रोकने के प्रयास को विफल बनाया गया है। लगभग 20 लोगों की गिरफ्तारी की है।

