सतना। राजकीय रेल पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत रविवार की सुबह एक रेल कर्मचारी की अचानक मौत हो गई। बताते हैं कि सीनियर ट्रेन मैनेजर
अवनेश पटेल पिता मेघनाथ (34) फतेहपुर उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। यहां रेल्वे कालोनी में रहते थे। रविवार की सुबह ड्यूटी लगने पर लॉबी में 8.45 बजे उन्होंने साइन ऑन किया और फिर प्लेटफार्म नंबर 1 से लगरगवां की ओर यार्ड में अपनी ट्रेन की ओर जा रहे थे, प्लेटफार्म से उतरते ही अचानक गिरे और अचेत हो गए। सूचना पर लॉबी स्टॉफ वहां पहुंचा और उनको तत्काल जिला अस्पताल ले गया। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जीआरपी को तकरीबन 10 बजे इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद परिजनों को सूचित किया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। ऐसा कहा जा रहा है कि अवनेश यहां अकेले रहते थे। प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मौत की संभावना जताई जा रही है, मृत्यु का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगा।