■ पुलिस अधीक्षक के नाम दिया गय ज्ञापन, कार्रवाई न होने पर एसपी ऑफिस के बाहर भूख हड़ताल की चेतावनी
सतना। जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र के मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं के आरोपियों की गिरफ्तारी और धार्मिक आस्था के केंद्रों की सुरक्षा सहित पुलिस चौकी की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक के नाम शिवराजपुर की जनता ने सोमवार 28 सितंबर को एक ज्ञापन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेमलाल कुर्वे को दिया। इस दौरान पुजारी,संत और ब्राह्मण समाज के लोग भी मौजूद रहे। ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी भी दी गई है कि पूर्व की घटनाओं के आरोपी यदि शीघ्र नहीं पकड़े गए तो पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर भूख हड़ताल की जाएगी।
[24 किलो चांदी चोरी]
ज्ञापन देने आए लोगों ने बताया कि शिवराजपुर के करीबी गाजीधाम मंदिर में तकरीबन 26 किलो चांदी लगी थी जिसमें से 24 किलो चांदी चोरी हो गई। पहली बार 4 किलो चांदी चुराई गई जिसकी रिपोर्ट थाने में 3 जून को की गई। चोर पकड़े नहीं गए और दोबारा इसी मंदिर से 20 किलो चांदी चोरी हो गई। इसकी रिपोर्ट 3 जुलाई को थाने में की गई।एक महीने में एक मंदिर में दो बार चोरी हुई लेकिन पुलिस चोर को नहीं पकड़ सकी। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया गया कि जब पुलिस ने कुछ नहीं किया तो अगला निशाना शिवराजपुर दहलान धाम के श्री हनुमान जी महाराज के मंदिर को बनाया गया। इस मंदिर में जो दान पेटी थी,उसका ताला तोड़कर पैसा चुराया गया। 25 सितंबर को इस घटना की सूचना भी सिंहपुर पुलिस को दी गई। लोगों का कहना है कि चोर इस क्षेत्र में पहली वारदात के बाद पकड़े नहीं गए इसलिए बार-बार घटना हुई, इस स्थिति में अन्य मंदिरों की सुरक्षा को लेकर चिंता है।मंदिरों की चोरी के आरोपियों के अबतक न पकड़े जाने से आक्रोशित जनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग के साथ शिवराजपुर में पुलिस थाना या चौकी स्थापित किए जाने की मांग की है। इनका कहना है कि शिवराजपुर से सिंहपुर थाना लगभग 25 किलोमीटर दूर है, ऐसे में गांव में स्थायी तौर से पुलिस की तैनाती किया जाना आवश्यक है। ज्ञापन देने में राजेश दुबे, जय प्रकाश शर्मा गुड्डा, सुभाष शर्मा डोली एवं राज नारायण तिवारी राजा सहित अन्य शामिल रहे।
