सतना। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एआईओसीडी के आह्वान पर बुधवार 20 मई कोष जिले के दवा दुकानदार एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। इनके द्वारा ई-फार्मेसी और इंस्टेंट मेडिसिन डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ सख्त नियमों की मांग की जा रही है।सतना डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष पंडित दीनदयाल तिवारी ने हड़ताल के विषय में चर्चा करते हुए कहा कि ऑनलाइन दवा प्लेटफॉर्म्स द्वारा अत्यधिक छूट की अनुचित नीति पर काम किया जा रहा है जिससे लाइसेंस होल्डर केमिस्ट गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जीएसआर 817 ई एवं 220 ई को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाना चाहिए, इसका दुरुपयोग विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स एवं क्विक काॅमर्स आपरेटर्स द्वारा दवाओं की अनियंत्रित डिलीवरी के लिए किया जा रहा है।
तकरीबन डेढ हजार दुकानदार शामिल
अध्यक्ष दीनदयाल तिवारी ने बताया कि जिले में 1475 थोक और फुटकर दवा दुकानदार हैं। इसमें से लगभग 500 दुकानदार सतना शहर के हैं। सभी ने हड़ताल का समर्थन किया है। एसोसिएशन की मांग है कि दवाओं की अवैध और अनियमित ऑनलाइन बिक्री पर रोक लगे,बिना वैध एवं सत्यापित चिकित्सकीय पर्चे के दवा की बिक्री और होम डिलीवरी न हो।
निकाली रैली, दिया ज्ञापन
दवा दुकानदार अपने निर्धारित कार्यक्रम अनुसार 10 बजे अस्पताल चौक में इकठ्ठा हुए। यहां से उन्होंने शहर भ्रमण करती हुई बाइक रैली कोतवाली चौक तक निकाली। इसके बाद सभी पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पंहुचे जहां भारत देश के प्रधान मंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को दिया गया। दवा व्यवसाइयों ने कहा कि दवाएं सामान्य उपभोक्ता वस्तु नहीं हैं। उचित सत्यापन के बगैर इनकी अनियंत्रित ऑनलाइन बिक्री जन स्वास्थ्य और मरीजों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। व्यवसाइयों ने कहा कि देश के केमिस्ट ने कोविड महामारी के दौरान फ्रंट लाइन हेल्थ केयर सपोर्ट प्रदाता के रूप में निरंतर सेवा देते हुए आमजन तक दवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की थी, इसके बावजूद अवैध ऑनलाइन गतिविधियों के संबंध में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई जबकि कई बार ज्ञापन दिए गए और प्रमाण प्रस्तुत किए गए। ज्ञापन के माध्यम से एसोसिएशन ने मांग की है कि मरीजों की सुरक्षा, जन स्वास्थ्य एवं केमिस्ट और उनके कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए केंद्र सरकार तत्काल प्रभावी कदम उठाए।
ये रहे मौजूद
रैली प्रदर्शन में विंध्य चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष सतीश सुखेजा, अग्रवाल समाज के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल सहित दवा व्यवसायी राकेश अग्रवाल रिंकू, पंकज तिवारी, मोहनलाल मिश्रा, ज्योति तिवारी, महेंद्र सिंह, मनीष अग्रवाल, मनीष पांडेय, योगेश दसानी, प्रतीक अग्रवाल, समीर शाह, अशोक अग्रवाल, शैलेन्द्र तिवारी, राजेंद्र अग्रवाल शशि, रवि अग्रवाल, उत्तम अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, मुन्नू अग्रवाल, महेश कुमार सहित बड़ी संख्या में अन्य दवा दुकानदार शामिल रहे।
