सतना। मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने वरिष्ठ समाजसेवी उत्तम बनर्जी के पिता स्वर्गीय असीम बनर्जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल सतना स्थित सरस्वती आवासीय विद्यापीठ पहुंचे, जहां उन्होंने स्व. दादा असीम बनर्जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा उन्हें इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने का संबल दिया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. असीम बनर्जी का जीवन सामाजिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं से परिपूर्ण रहा। उनके निधन से समाज ने एक सज्जन एवं प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व को खो दिया है।
मानवता, समाजसेवा और परोपकार की प्रतिमूर्ति रहे स्वर्गीय दादा असीम बैनर्जी की श्रद्धांजलि सभा भावपूर्ण वातावरण में आयोजित की गई। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक, धार्मिक एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। सभी ने स्व. बैनर्जी के सेवा कार्यों, देहदान एवं नेत्रदान जैसे महान संकल्पों को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।सभा में वक्ताओं ने कहा कि दादा असीम बैनर्जी ने अपना सम्पूर्ण जीवन समाजहित और मानव सेवा को समर्पित कर दिया। उन्होंने न केवल लोगों को सेवा का मार्ग दिखाया, बल्कि देहदान और नेत्रदान के माध्यम से मृत्यु के बाद भी मानवता की सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके इस निर्णय ने समाज में यह संदेश दिया कि जीवन के पश्चात भी किसी का शरीर और नेत्र अनेक लोगों के लिए नई आशा का माध्यम बन सकते हैं। इस दौरान मोती राम आश्रम की टीम द्वारा देहदानी परिवार के सदस्य उत्तम बैनर्जी, सुभाष बैनर्जी एवं विभाष बैनर्जी को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला, राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, पूज्य महाराज श्री पुरुषोत्तमदास जी, महंत पीयूषदास जी, श्रीकृष्ण माहेश्वरी सरदार लजपाल सिंह भाटिया सीधी सांसद राजेश मिश्रा प्रांत संघचालक डॉ. प्रदीप दुबे भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नंदिता पाठक भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री डॉ स्वप्ना वर्मा मणिकांत माहेश्वरी भाजपा जिला अध्यक्ष पंडित भगवती प्रसाद पांडेय महापौर योगेश ताम्रकार, चित्रकूट विकास प्राधिकरण अध्यक्ष विजय यादव जितेंद्र जैन, डॉ. भरत पाठक, अभय महाजन एवं प्रदीप सक्सेना रामचरण गुप्ता विजय सिंह अनिल जायसवाल सतीश सुखेजा मनोज शर्मा संदीप जैन श्याम लाल गुप्ता श्यामू प्रदीप जैन सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
