सतना। सतना- उचेहरा मार्ग पर सहस्त्रबाहु ढाबा के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता- पुत्र की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हुई है। हादसा उस समय हुआ जब उचेहरा से मैहर की ओर जा रही गहरवार बस ने स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, धीरज कुशवाहा पिता स्व. चुनवादा कुशवाहा (33) अपने पुत्र अयांश कुशवाहा (8) और पत्नी सुनीता कुशवाहा के साथ स्कूटर से इचौल से जसो स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान सहस्त्रबाहु ढाबा के पास सामने से आ रही गहरवार बस के चालक ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि धीरज कुशवाहा और उनके मासूम पुत्र अयांश कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सुनीता कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी।
