64 लाख के सामुदायिक भवन का लोकार्पण हुआ
सतना। नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 29 पतेरी में 64 लाख की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण महापौर योगेश कुमार ताम्रकार द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह भवन केवल एक निर्माण नहीं है बल्कि यह वार्डवासियों की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। महापौर ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनसेवा सर्वोच्च दायित्व है और इसी भावना के साथ शहर में सतत विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
लोकार्पण कार्यक्रम में नगर निगम स्पीकर राजेश चतुर्वेदी पालन, प्रदेश महामंत्री भाजपा महिला मोर्चा स्वप्ना वर्मा, निर्माण विभाग के अध्यक्ष गोपी गेलानी, वार्ड पार्षद एवं एमआईसी सदस्य रानी बालकृष्ण शुक्ला, बालकृष्ण शुक्ला, पद्मधर शुक्ला, उमेश पाण्डेय, रामबहोर तिवारी, नंदकिशोर मिश्रा, घनश्याम सोनी, डी.के. तिवारी सहित नगर निगम के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों ने सामुदायिक भवन के निर्माण को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। लोगों ने कहा यह भवन भविष्य में विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए उपयोगी साबित होगा।
