■ समस्या का समाधान कराने आयुक्त को दिया ज्ञापन
सतना। भीषण गर्मी में पेयजल संकट से जूझ रही वार्ड 43 की आबादी को समस्या से निजात दिलाने के लिए जिला कांग्रेस सेवादल ने आगे आकर नगर निगम आयुक्त से समस्या का समाधान अविलंब किए जाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि निराकरण न होने पर अनशन किया जाएगा। इस विषय में शुक्रवार को जिला कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष एडवोकेट बरमेन्द्र प्रताप सिंह की अगुवाई में नगर निगम आयुक्त के नाम ज्ञापन दिया गया। इस दौरान अध्यक्ष के साथ आनंद सेन, सविता अग्रवाल, सुनीता गुप्ता, सुधा सोनी, सीमा बागरी,डाॅ.डीपी प्रजापति, अच्छेलाल सतनामी, रामखेलावन सोनी, हर्ष तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
नगर निगम आयुक्त को अवगत कराया गया है कि वार्ड 43 टिकुरिया टोला अंतर्गत बजरंग काॅलोनी और हार्डिकर काॅलोनी में पानी की समस्या है। मांग की गई है कि पानी के लिए पाइप लाइन का विस्तार कर इस क्षेत्र में पीने योग्य शुद्ध जल प्रत्येक घर के नल तक पहुंचाया जाए और जब तक यह काम नहीं हो रहा तब तक टैंकर के द्वारा इस क्षेत्र में पानी की आपूर्ति की जाए। मांग की गई है कि दोनों काॅलोनियों में हैंडपंप भी लगवाए जाएं और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाए।
ज्ञापन के माध्यम से एक अन्य मांग नगर निगम आयुक्त से की गई है कि नगर में जहां जहां भी महापुरुषों की प्रतिमा स्थापित हैं, उनका व्यवस्थित रखरखाव हो। उनकी सफाई और रंगाई पुताई पर विशेष ध्यान दिया जाए। इनके आसपास प्रकाश और सौंदर्यीकरण का इंतजाम किया जाए