सतना। अपराध हर जगह होता है, इसीलिए अपराध को रोकने के लिए पुलिस है। पुलिस का खौफ अपराध करने वालों में होना चाहिए। पर क्या ऐसा है ? छोटे बड़े हर किस्म के अपराध आए दिन हो रहे हैं जो पुलिसिंग पर सवाल खड़े करते हैं। हम यह नहीं कहते कि पुलिस अपना काम नहीं करती। पुलिस अपराध नियंत्रण के लिए अपनी तरफ से कोशिश करती है तभी तो आरोपी पकड़े भी जाते हैं। लेकिन फिर भी कुछ मामले ऐसे होते हैं जो अनसुलझे रह जाते हैं या इनके आरोपी आसानी से हाथ नहीं लगते। ऐसे मामलों पर चर्चा के लिए ही आला अधिकारी क्राइम मीटिंग करते हैं जहां हर किस्म के अपराध की समीक्षा होती है। इस प्रकिया के बाद भी बीते दिनों चोरी, चैन स्नैचिंग, छीनाझपटी की घटनाएं प्रकाश में आईं हैं। कहा जा सकता है कि संपत्ति संबंधित अपराध को रोकना और इस किस्म के किसी भी अपराध के बाद सही आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार करना पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं। यहां हम कुछ संपत्ति संबंधित अपराधों का जिक्र कर रहे हैं, इनमें ऐसे भी केस हैं जिनके आरोपी पकड़े जा चुके हैं और कुछ केस के आरोपियों की तलाश जारी है।
[ घर के भीतर घुसकर वारदात पर वारदात ]
हाल ही में कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 10 शुक्ला बरदाडीह के दो घरों में चोरी हो गई। घटना की रिपोर्ट बीते रविवार 24 मई को की गई थी।
शैलेन्द्र सिंह बघेल पिता नागेश्वर सिंह के घर के मेनडोर का ताला तोड़कर घर में घुसे बदमाशों ने अंदर प्रत्येक कमरे में तलाशी ली थी। मौके पर उन्हें कैश नहीं मिला लेकिन लगभग चार लाख रुपए के जेवर चोरी किए जिसमें 17 ग्राम की सोने की चैन सहित अन्य जेवर थे। चोरी की एक अन्य वारदात शैलेन्द्र सिंह के घर के नजदीक शिवकली त्रिपाठी पत्नी स्व. रामसहाय त्रिपाठी के घर पर हुई। इनके घर में अलमारी लाकर तोड़कर 75 हजार रुपए सहित एक तोला सोने की चैन, 13 ग्राम के टाप्स और सुई धागा, 12 तोला की 3 जोड़ी पायल, चार बिछिया, अटैची से चांदी की चूड़ियां और नई साड़ियां एवं कुछ और सामान चोरी किया गया। इसके पहले मंगलवार बुधवार यानी 19-20 मई को कोलगवां थाना क्षेत्र की भरहुत नगर कॉलोनी में चार्टेड अकाउंटेंट पंकज डागा के घर चोरी हुई। गुरुवार शुक्रवार 21-22 की रात सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बगहा बाईपास के पास सैनिक कालोनी में प्रापर्टी डीलर दिनेश सिंह के यहां चोरी हुई। दोनों जगह से चोर कैश और जूलरी ले गए।
[ चोरी के लिए बुजुर्ग महिला पर कातिलाना हमला ]
कोलगंवा थाना क्षेत्र अंतर्गत माधवगढ़ में बदमाशों ने घर में घुसकर 73 वर्ष की बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला किया था। महिला पर चाकू से वार किए गए थे। आरोपी इस महिला के घर में चोरी के इरादे से घुसे थे लेकिन महिला के जाग जाने के कारण इन्होंने उस पर जानलेवा हमला किया ताकि पहचान छिपी रहे। 8-9 जनवरी की रात यह वारदात हुई थी। चोरी करने के दौरान खटपट की आवाज सुनकर महिला जग गई और आरोपियों को पहचान गई तब आरोपियों ने महिला को पकड़कर बिस्तर में पटक दिया और अपने पास रखे चाकू एवं सरिया से महिला के सिर व पेट में घातक वार किये जिससे महिला बेहोश हो गई। उसके बाद आरोपियों ने उसके घर से सोने चांदी के जेवरात जिसमें चांदी की दो तीन पायल एक चांदी का बाजूबंद एवं सोने के लॉकेट वाला मंगलसूत्र जो लाल धागे में था तथा एक काली गुरिया वाला मंगलसूत्र जिसमें दो सोने के छोटे लॉकेट लगे हुए थे उसे चोरी कर भाग गए थे।
[ सहकारी समिति के सेल्समैन से एक लाख रुपए की लूट ]
जिले के नागौद थाना क्षेत्र अंतर्गत माड़ा टोला के पास एक लाख रुपए की लूट हुई थी। 7 मई की इस घटना में जसो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रेंंउसा के रहने वाले लीलमणि शर्मा 51पिता केदारनाथ शर्मा को शिकार बनाया गया था। वे कार लेकर अकेले रेंउसा अपने घर जा रहे थे।माड़ा टोला के आगे एक बगीचे के पास सड़क किनारे एक मोटरसाइकिल खड़ी थी और दो लोग खड़े थे। इनमें से एक ने आगे आकर कार रोकने के लिए हाथ दिखाया। कार धीमी की तो उसने कहा हमारी बाइक खराब हो गई है मदद कर दीजिए। जैसे ही कार रोक कर नीचे उतरे, दो में से एक ने आगे आकर चेहरे पर मुक्का मारा, जब तक कुछ समझ पाते तब तक दूसरे युवक ने पांव पकड़कर उठाया और कार के पीछे ले जाकर पटक दिया। इस बीच वहां दो-दो कर चार और लोग आ गए। हमलावरों ने जेब से 50 हजार रुपए निकाल लिए और गाड़ी की तलाशी ली जिसमें उन्हें गाड़ी के अंदर रखे 50 हजार रुपए और मिल गए।
[ यूपी के कपड़ा व्यवसायी के साथ एमपी में हुई लूट ]
जिले के नयागांव चित्रकूट थाना क्षेत्र में बीते दिनों उत्तर प्रदेश के एक कपड़ा व्यवसायी के साथ लूट हो गई थी।प्रदीप सिंह पटेल 30 वर्ष पिता राजेंद्र सिंह पटेल मंदाकिनी रोड कर्वी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। कर्वी – प्रयागराज मार्ग स्थित ग्राम रैपुरा में बस स्टैंड के नजदीक पटेल रेडीमेड के नाम से इनकी कपड़ा दुकान है। 20 अप्रैल को रैपुरा से लगभग 70 किलोमीटर दूर फतेहगंज थाना क्षेत्र के ग्राम जबरापुर में प्रदीप ममेरे भाई की शादी से वापस आते वक्त पीछा कर बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया।
[ मोबाइल फोन छीनने का प्रयास ]
कोलगवां थाना अंतर्गत नवरंग पार्क के पास अकेली जा रही युवती से मोबाइल फोन लूटने की कोशिश हुई थी। इसका सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने अपराध कायम किया था। वैष्णवी कुशवाहा निवासी पुरूस्वानी मोहल्ला सिंधी कैंप जब 13 फरवरी की रात 8.50 बजे बिड़ला रोड से घरेलू सामान लेकर वापस घर लौट रही थी तब नवरंग पार्क के पास सेमफोर्ड स्कूल के सामने एक बदमाश आया और मोबाइल फोन लूटने का प्रयास किया।
[ थप्पड़ मार कर मोबाइल फोन छीना ]
कोलगंवा थाना क्षेत्र अंतर्गत संग्राम कॉलोनी में बाइक सवार का मोबाइल फोन छीन लिया गया था। फरियादी के मुताबिक मोबाइल फोन के कवर में 2 हजार रुपए भी थे। आरोपी मोबाइल फोन छीनने के बाद बाइक में धक्का मार कर फरार हो गया था। बाइक गिरने से बाइक सवार को आंख के पास चोट भी आई थी। घटना संग्राम कॉलोनी में इंडियन बैंक के नजदीक 3 फरवरी की रात करीब 9 बजे की है। रामस्थान के रहने वाले अरुण सिंह पिता बद्री विशाल सिंह संग्राम कॉलोनी में माधव डेरी के पास रहते हैं। घटना के समय बाइक से गांव से आकर यहां अपने घर जा रहे थे।
[ तंत्र मंत्र का डर दिखा महिला के साथ वारदात ]
कोलगवां थाना क्षेत्र में एक महिला को बदमाशों ने तंत्र मंत्र, भौतिक बाधा का डर दिखाकर उसकी सोने की चैन ठग ली थी। सोहास, थाना कोटर निवासी 45 वर्षीय सत्यवती शर्मा अपने मायके जाने के लिए बस से सतना पहुंची थीं। पुराने राज्य परिवहन डिपो के पास सत्यवती शर्मा को दो युवक मिले। एक युवक ने बगल से गुजरते हुए सुई जैसी कोई चीज चुभा दी, जिससे वे भ्रमित हो गईं। इसी दौरान दूसरे युवक ने परिवार में भौतिक बाधा का डर दिखाकर उन्हें बातों में फंसा लिया और तंत्र-मंत्र से समस्या का समाधान करने का झांसा दिया।ठगों ने महिला से गले में पहनी दो तोला सोने की चेन उतरवाकर एक रूमाल में रखवाई। इसके बाद उन्होंने रूमाल अपने हाथ में लिया और सत्यवती को 10 कदम पीछे चलकर माता का जयकारा लगाने को कहा।जैसे ही महिला उनकी बात मानकर उलटी दिशा में चलीं, दोनों बदमाश तुरंत मौके से फरार हो गए।
[ महिला के बैग से नगदी जेवर गायब ]
बस में सफर के दौरान एक महिला के हैंडबैग से नगदी और जेवर चोरी हो गए। जिले के कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोनौर की रहने वाली नीलू यादव 32 वर्ष पति मोहन लाल यादव सोनौर मोड़ से पंकज ट्रेवल्स की बस में सवार हुई थीं। उन्हे सतना आकर सीधी अपने मायके जाना था। सतना बस स्टैंड में जब नीलू यादव ने अपना हैंडबैग देखा तो उनके होश उड़ गए। बैग में रखे गहने सहित लगभग 2 हजार रुपए चोरी हो गए थे। नीलू के मुताबिक हैंडबैग में सोने का एक तोला का हार, कान के टॉप्स, मनचली और कमर बेल्ट रखा था। किसी ने बैग की चैन खोलकर सब कुछ चोरी कर लिया था।
[ नहीं मिले छिपाकर रखे गहने ]
कोलगवां थाना क्षेत्र के एक घर से लाखों रुपए कीमत के गहने गायब हो गए।घटना की शिकायत पायल गंगवानी पत्नी कैलाश कुमार गंगवानी ने दर्ज कराई है। सिंधी कैंप पुरुस्वानी मोहल्ला में इंद्रा पार्क के सामने रहने वाले कैलाश गंगवानी की पत्नी ने पाउच में गहने रखकर कमरे की फॉल्स सीलिंग में छिपाकर रखे थे। जरूरत पड़ने पर जब गहने निकालने के लिए वहां देखा तो पाउच सहित सभी गहने गायब थे। जो गहने गायब हुए उसमें 2 कंगन, एक जोड़ी टॉप्स, 6 अंगूठी, 2 चैन, 3 बाली, टॉप्स सहित पैंडल सेट थे।