■ संयुक्त दल ने सोहावल से सिविल लाइन तक किया सर्वे
■ यातायात बाधाओं और अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई
सतना। कलेक्टर सतीश कुमार एस के निर्देशानुसार एवं नगर पालिक निगम आयुक्त डॉ. शेर सिंह मीना के आदेशानुसार शहर में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम एवं यातायात पुलिस द्वारा सोहावल से सिविल लाइन तक संयुक्त मैदानी सर्वेक्षण किया गया।यह कार्य सत्यम मिश्रा उपायुक्त नगर निगम, संजय खरे डीएसपी ट्रैफिक, मुकेश चतुर्वेदी कार्यपालन यंत्री, मनीष वर्मा सहायक यंत्री, नितेश मोर्डिया सीओओ परिवहन शाखा तथा पुनीत सिंह उपयंत्री सहित परिवहन शाखा एवं यातायात पुलिस की टीम द्वारा किया गया।
इस दौरान सड़क सुरक्षा उपकरणों की आवश्यकता वाले स्थानों का चिन्हांकन किया गया तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग एवं अन्य अवरोधों का जायजा लिया गया। साथ ही दुर्घटना संभावित स्थलों, प्रमुख चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर संकेतक बोर्ड, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग और अन्य सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं की आवश्यकता का आकलन किया गया। बताया गया कि सर्वेक्षण में चिन्हित बिंदुओं पर प्राथमिकता के आधार पर सुधारात्मक कार्य कराए जाएंगे। सड़क सुरक्षा उपकरणों की स्थापना, यातायात अवरोधों को दूर करने तथा अतिक्रमण नियंत्रण की कार्रवाई चरणबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएगी, जिससे नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था का लाभ मिल सके।