सतना। जिले के मझगवां थाना क्षेत्र के ग्राम कैलाशपुर में बुजुर्ग महिला की पत्थर से मारकर हत्या कर दी गई। महिला की पहचान
कैलाशपुर निवासी बैशाखिया मवासी पति बद्दु मवासी उम्र करीब 75 वर्ष के रूप में की गई है। घटना मंगलवार की दोपहर में होना बताई जाती है। घटनास्थल का निरीक्षण पुलिस के साथ एफएसएल वैज्ञानिक अधिकारी डॉक्टर महेंद्र सिंह द्वारा किया गया है।
बताते हैं कि काफी वजनी पत्थर महिला के सिर पर पटका गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक घर से दूर आम के पेड़ के नीचे महिला की लाश मिली थी। यह महिला कैलाशपुर की मवान बस्ती में एक झोपड़ी बनाकर अपने नाती के साथ रहती थी। नाती बचपन से उसके साथ रह रहा है। खबर है कि महिला को पुत्र नहीं हैं, बेटियां हैं जिनकी शादी हो चुकी है। घटना के समय नाती घर पर नहीं था। पुलिस ने पड़ताल शुरु कर दी है।
