सतना। जिले के उचेहरा कस्बे में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात अचानक बिजली की तार टूट जाने से पटाखों की तरह तेज आवाज और तेज रोशनी हुई जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। मालूम हुआ है कि यह घटनाक्रम पुराने ब्लाक आफिस के पास ताम्रकार कालोनी में देवालय के सामने हुआ। अचानक बिजली की तार टूट कर नीचे गिरी और तेज चमक के साथ आवाज होने लगी। आसपास के लोगों ने बिजली विभाग के लोगों को इसकी सूचना दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि सामान्य परिस्थिति में भी बिजली विभाग के लोगों का फोन आसानी से नहीं उठता, इस घटना की सूचना देने के लिए भी कई बार प्रयास करना पड़ा। यह तो गनीमत है कि घटना में जनहानि नहीं हुई।
घटना की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तार टूटने के पहले बारिश हुई थी। विभाग के लोग खुलकर कुछ नहीं कह रहे,लेकिन दबी जुबान ओवर लोड को एक कारण माना जा रहा है जबकि सूत्र बताते हैं कि कुछ दिनों पहले नई केबल डाली गई थी, जो टूट कर जल गई। अगर केबल नई थी तो यह तकनीकी जांच का विषय है कि तार खरीदी में घोटाला तो नहीं हुआ है, खरीदने वालों ने कहीं निम्न स्तर की यानी घटिया तार की खरीदी तो नहीं की थी।