■हेड पोस्ट आफिस में हुई थी घटना
सतना। सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जयस्तंभ चौक स्थित प्रधान डाकघर में बीते दिनों एक महिला के बैग से हजारों रुपए चुरा लिए गए थे। पुलिस ने चोरी की इस वारदात के लिए पन्ना जिले से दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिलाएं राजगढ जिले के बोडा थाना क्षेत्र के कडिया की रहने वाली बताई गई हैं।
यहां बता दें कि डालीबाबा पंजाबी काॅलोनी में रहने वालीं कंचन अग्रवाल पति शिवकुमार अग्रवाल ने बीते मई महीने की 29 तारीख को बैंक ऑफ इंडिया से 86 हजार रुपए निकाले और उसे हैंड बैग में रखकर पोस्ट आफिस आ गईं। यह रकम उन्हें पोस्ट आफिस में जमा करनी थी। जब रकम जमा करने के लिए उन्होंने बैग में हाथ डाला तो पैसे गायब थे। जब उन्होंने ठीक से बैग चेक किया तो पता चला कि बैग में ब्लेड से चीरा मारकर रकम चुराई गई है।
कंचन अग्रवाल ने घटना की जानकारी सिटी कोतवाली पुलिस को दी तब पुलिस ने पोस्ट आफिस के अंदर बाहर से लेकर विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी। पुलिस के मुताबिक, रिकॉर्डिंग देखने पर दो महिलाएं संदिग्ध प्रतीत हुईं तो इनकी खोज शुरु की गई। पहचान होने पर इनकी लोकेशन ट्रेस की गई। टीम भेजकर इन्हें पन्ना जिले से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि पकड़ी गई महिलाओं में मंजू सिसोदिया (32) पति रुपेश एवं अमीका सिसोदिया (45) पति सिकंदर हैं। इस कार्रवाई में टीआई सिटी कोतवाली रावेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व वाली टीम में सहायक उप निरीक्षक हेमराज सिंह, प्रधान आरक्षक एमडी सिंह, महिला आरक्षक नीरा बागरी,प्रियंका मिश्रा, क्षमा ताम्रकार एवं एकता श्रीवास्तव शामिल रहे।
