सतना। नगर निगम आयुक्त डॉ. शेर सिंह मीना ने कहा है कि जलभराव की घटनाओं से प्रभावित नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जा रहा है। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उल्लेखनीय है कि अभी हाल ही में वर्षा के कारण नगर में विभिन्न स्थानों पर जलभराव की स्थिति निर्मित हुई थी। इसके बाद महापौर योगेश कुमार ताम्रकार ने आयुक्त को पत्र लिखा था जो सोशल मीडिया में वायरल होकर चर्चा में आया था।
[ऐसा था महापौर का पत्र]
महापौर योगेश ताम्रकार की तरफ से आयुक्त नगर पालिक निगम को लिखा गया पत्र 27 मार्च 2026 को प्रस्तुत फाइल पर कार्यवाही न करने एवं वर्षा पूर्व सफाई व्यवस्था में गंभीर लापरवाही के संबंध में था। जिसमें कहा गया है कि हाल ही में हुई वर्षा के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भारी जलभराव की स्थिति निर्मित हुई, जिससे आमजन को अत्यधिक असुविधा एवं संकट का सामना करना पड़ा, जो कि यह अत्यंत गंभीर एवं निंदनीय स्थिति है।यह स्थिति नगर निगम प्रशासन की घोर लापरवाही एवं कार्य के प्रति उदासीनता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।वर्षा ऋतु के पूर्व शहर की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था को सृदृढ़ करने हेतु नगर पालिक निगम सतना की स्वास्थ्य शाखा द्वारा 27 मार्च 2026 को आउटसोर्स माध्यम से 30 जून तक के लिए 60 कर्मचारियों की भर्ती संबंधी फाइल आपकी ओर प्रेषित की गई थी। परंतु उक्त फाइल पर कोई स्वीकृति अथवा कार्यवाही नहीं की गई, जो कि अत्यंत गंभीर प्रशासनिक विफलता है। यह स्पष्ट है कि यदि समय रहते उक्त फाइल को स्वीकृति प्रदान कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाती, तो वर्तमान में उत्पन्न जलभराव की स्थिति को काफी हद तक टाला जा सकता था।
[आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली]
वर्षा के दौरान शहर के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति निर्मित होने एवं कुछ स्थानों पर लोगों के घरों में पानी प्रवेश करने की घटनाओं के बाद उत्पन्न जनस्वास्थ्य संबंधी संभावित जोखिमों को देखते हुए आयुक्त डॉ. शेर सिंह मीना ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की जिसमें जलभराव प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति, नागरिकों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव, डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया एवं अन्य जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव एवं स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी गतिविधियों को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जाए।इसके साथ ही नागरिकों से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को और सुदृढ़ करने के उन्होंने निर्देश दिए। आयुक्त डॉ. शेर सिंह मीना ने कहा सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।