■ संयुक्त प्रशासनिक दल ने की कार्रवाई
सतना। सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पुरानी आबकारी के पास स्थित पार्क से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई रविवार को की गई। यह कार्रवाई एसडीएम राहुल सिलाड़िया की निगरानी में हुई। इस दौरान कानून व्यवस्था के लिहाज से नगर पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह चौहान और सिटी कोतवाली टीआई रावेंद्र द्विवेेदी दल बल के साथ मौजूद रहे। बताते हैं कि अतिक्रमणकारियों को स्वेच्छा से कब्जा हटाने के लिए मोहलत दी गई थी लेकिन कब्जा नहीं हटाया गया लिहाजा नगर निगम अमले की मौजूदगी में बुलडोजर का इस्तेमाल कर अवैध निर्माणों को ढेर किया गया।
[ कब्जा हटा,अब प्रशासन के नियंत्रण में जमीन ]
प्राप्त जानकारी के मुताबिक कलेक्टर सतीश कुमार एस एवं पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह के मार्गदर्शन तथा नगर निगम आयुक्त डॉ. शेर सिंह मीना के निर्देशानुसार बालकिशन वाटिका की शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई। एसडीएम राहुल सिलाडिया के नेतृत्व में नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक विभाग एवं पुलिस विभाग के संयुक्त अमले ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जों को हटाते हुए संपूर्ण भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। नगर निगम द्वारा बताया गया कि 9 मई को संबंधित अतिक्रमणकारियों द्वारा स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन से समय मांगा गया था। प्रशासन द्वारा पर्याप्त अवसर प्रदान किए जाने के बाद भी निर्धारित समयावधि में अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके पश्चात नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण अधिकारी दीपक बागरी एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। संयुक्त अमले ने अवैध निर्माण एवं कब्जों को हटाकर भूमि को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया। पूरे अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा तथा कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। अभियान के उपरांत बालकिशन वाटिका की संपूर्ण शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर प्रशासन के नियंत्रण में लिया गया।
[ ननि की चेतावनी- स्वीकार न होगा अतिक्रमण ]
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक उपयोग एवं शासकीय प्रयोजनों के लिए सुरक्षित भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में आगे भी सख्ती के साथ कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त ने नागरिकों से सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण में सहयोग करने तथा शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा न करने की अपील की है। यह कार्रवाई शहर में सार्वजनिक स्थलों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने की दिशा में की गई कार्रवाई बताई गई है।

