सतना। मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम किरहाई में बीते दिनों एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी। इस घटना में मृतक के भाई का नाम मुख्य आरोपी के तौर पर सामने आया था। यह घटना के बाद से लगातार फरार था। इस घटना के संबंध में छह आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है जिनमें तीन नाबालिग शामिल थे। तीन आरोपियों को जेल एवं तीन बालकों को बाल सुधार गृह भेजा गया था।
अमरपाटन थाना पुलिस के मुताबिक घटना के बाद से मृतक का सगा भाई आरोपी सीताराम कोल उर्फ रूपेन्द्र कोल फरार था। लगातार इसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम द्वारा अथक प्रयास करते हुए आरोपी सीताराम कोल उर्फ रूपेन्द्र कोल पिता स्व. श्यामलाल कोल उम्र 38 वर्ष, निवासी किरहाई बंधा थाना अमरपाटन, जिला मैहर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से वह जेल चला गया।
उल्लेखनीय है कि विगत 8 जून को प्रेमबाई कोल निवासी किरहाई बंधा टोला ने थाना अमरपाटन में सूचना दी थी कि 7 जून की रात लगभग 12 बजे ग्राम हिनौता कला निवासी अमित कोल अपने साथियों एवं उसके देवर सीताराम कोल के साथ उसके घर पहुंचा। सभी आरोपी विवाह संबंधी विवाद एवं जादू-टोना करने के संदेह को लेकर उसके पति पतीराम कोल से विवाद करने लगे। विवाद के दौरान आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई। इसी दौरान मुख्य आरोपी अमित कोल ने अपने पास रखी टंगिया( कुल्हाड़ी) से पतीराम कोल के सिर पर प्राणघातक वार कर दिया जिससे गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। घटना के संबंध में थाना अमरपाटन में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह परस्ते के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश देकर प्रकरण में शामिल 7 आरोपियों में से 3 आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार किया गया तथा विधि का उल्लंघन करने वाले 3 बालकों को अभिरक्षा में लिया गया था।गिरफ्तार आरोपियों एवं विधि विरुद्ध बालकों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से गिरफ्तार आरोपियों को केंद्रीय जेल सतना तथा विधि का उल्लंघन करने वाले 3 बालकों को बाल सम्प्रेषण गृह रीवा भेजा गया था। पुलिस के मुताबिक हत्या के प्रकरण में जिन्हें पूर्व में गिरफ्तार किया गया उनमें अमित कोल पिता लालजी कोल19 वर्ष, निवासी हिनौता कला थाना मैहर जिला मैहर,अशोक कोल उर्फ भइया पिता दीनदयाल कोल 42 वर्ष,निवासी ग्राम जोबा थाना बदेरा, जिला मैहर,सनत रावत उर्फ छोटू पिता मायाराम रावत 23 वर्ष, निवासी हिनौता कला थाना मैहर, जिला मैहर एवं अभिरक्षा में लिए गए विधि का उल्लंघन करने वाले 3 बालक हैं।