■ चित्रकूट पुलिस ने सुलझाई अंधी हत्या की गुत्थी
सतना। जिले के चित्रकूट नयागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत सती अनुसुइया रोड पर एक व्यक्ति की लाश मिली थी। इस मामले में मृतक की पहचान करना और आरोपी को पकड़ना पुलिस के लिए चुनौती थी। इस अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाने में पुलिस कामयाब रही। पुलिस ने न केवल मृतक की पहचान की बल्कि उसकी हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी के अवैध सम्बन्ध थे। पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने की साजिश रची थी।
मालूम हो कि 8 जून को अज्ञात युवक की लाश मिली थी जिसकी गला काटकर हत्या की गई थी। लाश को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया था। मृतक की शिनाख्त, उसके परिजनों का पता लगाने और आरोपी की जानकारी जुटाने, उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त कर टीम बनाई गई थी। गठित टीम एवं साबर सेल की मदद से शिनाख्तगी के 24 घण्टे के अन्दर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी अमित सिंह उर्फ बडकू पिता सूर्यप्रकाश सिंह( 26 ) निवासी ग्राम खटांगी थाना एयरपोर्ट जिला प्रयागराज उ.प्र. एवं शेरा उर्फ राजू निषाद पिता पग्गल निषाद(32) निवासी धनुवा मामा भान्जा तालाब के पास थाना नैनी जिला प्रयागराज उ.प्र. तथा श्रीमती अनीता देवी पति संजीव उर्फ संजू (35) निवासी ग्राम अमिलिया हाल मामाभान्जा तालाब के पास थाना नैनी जिला प्रयागराज उ.प्र को अवैध धारदार चाकू एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसायकिल एवं मोबाईल फोन जब्त कर गिरप्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश से सभी को जेल भेजा गया।
[यह है केस हिस्ट्री]
8 जून को फरियादी महेन्द्र कुमार गुप्ता पिता स्व.गंगा प्रसाद गुप्ता 56 निवासी वार्ड क्र.8 झंडा बाजार बैकुण्ठपुर रीवा जिला ने रिपोर्ट किया कि 8 जून को वह प्रात: 9 बजे के लगभग वननाका चौड़ी में बैठा था उसी समय दो अज्ञात यात्री मेरे पास आए जिन्होंने अपने नाम पता नहीं बताए। उन्होंने बताया कि सती अनुसुईया मोड़ में बाए तरफ पुल के पास झाड़ी के पास एक अज्ञात व्यक्ति की लाश पड़ी है। तब वह जाकर देखा तो पुल के आगे बांए तरफ रोड के किनारे झाड़ी के नीचे एक व्यक्ति अज्ञात चित्त अवस्था में मरा पड़ा था जिसके गले में धारदार चोट थी खून से लथपथ होकर बनियान शर्ट पेन्ट में खून लगा था। ऐसा लग रहा था किसी अज्ञात व्यक्ति ने गले में किसी धारदार हथियार से मारकर चोट पहुचाकर हत्या कर दी है। मौके से देहाती नालसी लेख कर असल नम्बर पर अपराध क्र. 215/26 धारा
103(1),238(ए) बीएनएस का कायम कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान अज्ञात मृतक की शिनाख्तगी हेतु पम्पलेट एवं सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार प्रसार किया गया एवं सायबर सेल की मदद ली गयी ।
[ घुमाने के बहाने लाए और मार दिया ]
पुलिस के मुताबिक अज्ञात मृतक की पहचान उसकी मां श्रीमती गुलाब बाई व पत्नी श्रीमती अनीता देवी के द्वारा संजीव उर्फ संजू पिता सूर्यपाल पासी उम्र 35 साल निवासी ग्राम दादूपुर अमिलिया थाना घूरपुर जिला प्रयागराज उ.प्र. के रुप में की गई। संदेही पत्नी से बारीकी से पूछताछ की गई तो पता चला कि आरोपी अमित सिंह के साथ महिला के 3 वर्षों से अवैध सम्बन्ध थे। जिस कारण पति से अक्सर विवाद होता था। इसलिए अमित सिह एवं शेरा उर्फ राजू निषाद के साथ मिलकर पति संजीव की हत्या करने की साजिश बनायी थी। 7 जून को अमित सिंह एवं शेरा उर्फ राजू संजू को चित्रकूट घूमने के बहाने से अमित सिंह की स्पेलन्डर मोटर सायकिल से लेकर आए।सती अनुसुइया रोड में मोड के अन्दर लगभग 1 किलोमीटर आगे पुल के पास बहाने से मोटर सायकिल से उतर कर धारदार चाकू से गला रेत कर संजीव की हत्या कर दिये। उसको झाड़ियों मे फेक दिया। उसकी पहचान सम्बन्धी दस्तावेज एवं मोबाईल फोन तथा जेब से पैसा निकाल लिये। पुलिस ने बताया कि
मृतक अनुसूचित जाति का होने एवं विवेचना में आये तथ्यों के आधार पर प्रकरण में धारा 61,315,3(5) बीएनएस 25(बी) आर्म्स एक्ट 3(2)(5) एससी एसटी एक्ट का इजाफा किया गया है । आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त खून युक्त धारदार बड़ा चाकू, बिना नम्बर की हीरो कम्पनी की मोटरसायकिल, मोबाईल फोन जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।
[कार्रवाई में ये रहे शामिल]
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चित्रकूट निरीक्षकी गिरिजा शंकर बाजपेयी, उनि नेहा ठाकुर, अजीत सिंह, सउनि दीपेश सिंह प्र.आर अंकित सिंह बघेल, संदीप तिवारी , आरक्षक विनोद द्विवेदी, पुष्पेन्द्र नट, अनुज सिंह ,मानवेन्द्र सिंह, रामबगस नेताम, राहुल पटेल शामिल रहे।

