सतना। बीते कई दिनों से जिले में चंदन के पेड़ों की चोरी हो रही थी। अलग-अलग थानों में इसकी शिकायत पहुंची थी। जिले की पुलिस इस चोर गिरोह का पता लगा रही थी। अंतत: नागौद पुलिस ने गिरोह को पकड़ने और वारदातों का खुलासा करने का दावा किया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर चंदन की लकड़ी बरामद की है।
[थाने में इन्होंने की थी रिपोर्ट]
25 मई को जयादित्य सिंह परिहार पिता विक्रम सिंह परिहार उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम कचलोहा, थाना नागौद जिला सतना ने रिपोर्ट की थी कि 24-25 की दरम्यानी रात उनकी बाड़ी में लगे 2 नग चंदन के पेड़ कोई अज्ञात चोर रात में आरी से काट कर चोरी कर ले गए हैं। इसी प्रकार 30 मई को ज्ञानेन्द्र सिंह पिता स्व. बलवंत सिंह परिहार उम्र 70 वर्ष, निवासी ग्राम कचलोहा, थाना नागौद, जिला सतना ने 29-30 तारीख की दरम्यानी रात में दो नग चंदन के पेड़ चोरी हो जाने की रिपोर्ट की थी।
[दिन में तलाश और रात में चोरी]
पुलिस ने बताया कि ग्राम खैरा के बाहर खेत मे पेड़ के नीचे कुछ अज्ञात व्यक्तियों के डेरा होने की सूचना मिली थी।पता चला था कि ये लोग मोटर सायकल से दिन में रुद्राक्ष का माला बेचने के बहाने गांवो में घूम फिरकर चंदन के पेड़ों की तलाश करते हैं और रात में चंदन के पेड़ों को काटकर ले जाते हैं। सूचना मिलने पर ग्राम खैरा जाकर डेरा वालों को चेक किया गया। तीन महिलाएं अपने बच्चों के साथ बैठी मिलीं। आदमी पुलिस को देख कर भागने लगे जिनको घेरा बंदी कर पकडा गया। सभी से नाम पता पूछा गया। पूछताछ पर इनके द्वारा बताया गया कि हम कहीं भी डेरा डाल कर रह जाते हैं, दिन में रुद्राक्ष का माला बेचते है एंव चंदन के पेड़ की रैकी करते हैं, रात में जा कर आरी से पेड़ काट कर अपने डेरा में ले आते हैं जहां महिलाएं उन चंदन की लकड़ियों को काट छील लेती हैं।
[इन चोरियों का हुआ खुलासा]
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने खुलासा किया कि उनके द्वारा थाना रामपुर बाघेलान क्षेत्र में 01 बार, सिंहपुर क्षेत्र में 03 बार , बाबूपुर में 01 बार, अमरपाटन में 01 बार तथा थाना नागौद क्षेत्र में ग्राम कचलोहा में 02 बार बाड़ी, घर के अन्दर घुस कर रात में आरी से चंदन के पेड़ काट कर चोरी किए गए।
[ यह हुआ जप्त ]
पुलिस ने आरोपियों से चंदन की लकड़ी 24 नग कीमती करीबन 1लाख रुपये, पुरानी मोटर साइकिल एमपी
21जेडई7038 कीमती 50 हजार रुपये एवं आरी ब्लेड 1 नग कीमती करीबन 1हजार रुपये जप्त किया है।
[ इनको किया गया गिरफ्तार ]
पुलिस ने जिन्हें गिरफ्तार किया उसमें ईजुब पारदी पिता सकीलध पारदी उम्र 20 साल निवासी ग्राम पटेहरा थाना कुठला जिला कटनी, मकौआ पति ईजुब पारदी उम्र 19,
अक्सेना उर्फ गुलगुली पति अकौन सिंह पारदी उम्र 22, डई पारदी पति चिलटू उर्फ सारंकी पारदी उम्र 30 साल निवासी देवरी थाना बीजा डांडी जिला मंडला, राजू पारदी पिता सकीलथ उर्फ हुरहुर पारदी उम्र 23 साल निवासी पटेहरा थाना कुठला जिला कटनी एवं एक
अपचारी बालक शामिल है।
[ कार्रवाई में ये रहे शामिल ]
इस गिरोह को पकड़ने और कार्रवाई करने में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक पाण्डेय,थाना एवं एसडीओपी कार्यालय स्टाफ व सायबर सेल प्रभारी और उनकी टीम शामिल रही।