■ बिरहुली में हुआ धरना-प्रदर्शन
सतना। सतना-सेमरिया मार्ग पर बिरहुली में बन रहे रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। काम में हो रही अत्यधिक देरी और संबंधित एजेंसियों की लापरवाही के कारण स्थानीय रहवासियों और यात्रियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसी कड़ी में सोमवार को निर्माण स्थल पर इकट्ठा होकर स्थानीय लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया।
धरना-प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि शिलान्यास और भूमिपूजन के बाद भी निर्माण कार्य काफी कछुआ गति से चल रहा है, जिससे निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा होने को लेकर संशय बना हुआ है। निर्माण कार्य में सुस्ती के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिस पर स्थानीय निवासियों द्वारा विरोध दर्ज कराया गया है।बताया गया कि इस पुल का शिलान्यास अक्टूबर 2023 में किया गया था। राज्य शासन और रेलवे की लागत साझेदारी के तहत इसे स्वीकृत किया गया था। कहा गया कि इसका उद्देश्य इस व्यस्त मार्ग पर लगने वाले लंबे जाम से आम जनता को मुक्ति दिलाना था लेकिन नौ दिन चले अढाई कोस वाली काम की रफ्तार देख इस पुल को बनाने का मकसद पूरा होता नहीं दिखाई दे रहा।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ब्रिज बनाने का ठेका रीवा की भैयालाल इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड को मिला था। 2955.97 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति वाले इस काम के लिए 26 महीने में काम पूरा करने की शर्त पर 11 मई 2023 को कार्य आदेश हुआ था। लोक निर्माण विभाग सेतु निर्माण संभाग रीवा की जिम्मेदारी इस काम को समय सीमा में पूरा कराने की थी।
