सतना। जो काम नगरीय निकाय प्रशासन को करना चाहिए वो काम जिले के उचेहरा कस्बे में पब्लिक कर रही है। मामला सड़क निर्माण का है। बताते हैं कि पानी के इंतजाम के लिए सड़क खोदी गईं लेकिन इनकी मरम्मत कराना विभाग भूल गया। स्थानीय लोगों ने कई बार विभाग को याद दिलाया लेकिन जब जिम्मेदारों की कुंभकरणी नींद नहीं टूटी तो समस्या के समाधान के लिए लोगों को खुद आगे आना पड़ा। वार्ड चार,मेन रोड निवासी ध्रुव ताम्रकार इस बात की पुष्टि करते हुए बताते हैं कि नगर में मुख्यमंत्री शहरी पेयजल योजना के तहत मुख्य मार्ग सहित अन्य वार्डों में वर्षो पहले पानी के लिए खोदी गई सड़क की मरम्मत अभी तक नही हो सकी जिस कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। नगर के अन्य लोगों का भी कहना है कि सड़क दुर्घटना में कोई जख्मी न हो,अपाहिज न हो, किसी की मौत से किसी परिवार पर दुख का पहाड़ न टूटे इस बात का ख्याल रखना सरकारी तंत्र की जिम्मेदारी है लेकिन सरकारी नुमांइदे अपनी जिम्मेदारी अपने कर्तव्य का निर्वहन ईमानदारी से नहीं कर रहे, यदि कर रहे होते तो स्थानीय लोग अपने खर्च से सड़क की मरम्मत न कराते।