■ लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश
सतना। नगर निगम के मीटिंग हॉल में आयुक्त डॉ. शेर सिंह मीना की अध्यक्षता में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में विभिन्न शाखाओं के लंबित प्रकरणों एवं कार्य प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक का मूल उद्देश्य लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण, विभागीय कार्यों की सतत मॉनिटरिंग तथा नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करना था।
बैठक में कॉलोनी सेल, एबीपीएएस 3.0, फायर सेफ्टी एवं ई-नगरपालिका 2.0 से संबंधित लंबित प्रकरणों एवं कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। आयुक्त डॉ. मीना ने संबंधित अधिकारियों से शाखावार जानकारी प्राप्त कर लंबित मामलों के त्वरित निराकरण तथा निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान भवन अनुज्ञा प्रकरणों, ऑनलाइन सेवाओं की प्रगति, फायर सेफ्टी अनुमतियों एवं ई-नगरपालिका पोर्टल के माध्यम से प्रदाय की जा रही नागरिक सेवाओं का मूल्यांकन किया गया। आयुक्त ने कहा कि नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा लंबित प्रकरणों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।