■पुलिस अधीक्षक से हुई शिकायत
सतना। कोलगवां थाने में तैनात रहे एक सिपाही पर 8 लाख रुपए कीमत की गोल्ड चैन हड़प लेने का आरोप लगा है। मामला मैहर जिले के अमरपाटन थाना के एक प्रकऱण से जुड़ा है। सिपाही के खिलाफ सतना पुलिस अधीक्षक से शिकायत भी की गई है।
सूत्र बताते हैं कि बीते दिनों अमरपाटन के एक वैवाहिक कार्यक्रम में इंदौर से आए अतिथि की तकरीबन 8 लाख रुपए कीमत की गोल्ड चैन गिर गई थी। सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग से पता चला कि यह चैन एक बच्ची को मिली है। बच्ची को चिन्हित किया जाकर जब उससे संपर्क किया गया तो उसने बताया कि चैन अपनी मां को दी थी। उसकी मां ने कहा चैन उसने कोलगवां थाने के सिपाही विश्वदीप तिवारी को दी है। लेकिन विश्व दीप का कहना है कि उसके पास कोई चैन नहीं है। सूत्रों की मानें तो चैन लेने के लिए अमरपाटन पुलिस दो बार सतना भी आ चुकी है।
अमरपाटन में गिरी सोने की चैन सतना के कोलगवां थाने के सिपाही तक कैसे पहुंची, पता चला कि बीते दिनों कोलगवां थाना क्षेत्र के सिंधी कैंप में पब्लिक ने चोर होने के संदेह में एक व्यक्ति को पकड़ा,पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। यह वही व्यक्ति था जिसकी बिटिया को चैन मिली थी। बताते हैं कि विश्व दीप तिवारी ने इस पकड़े गए शख्स के घर में सूचना दी। तब इसकी पत्नी ने समझा कि सोने की चैन के लिए पकड़ा गया होगा। उसने कोलगवां थाने में विश्व दीप से संपर्क कर चैन मिलने की पूरी कहानी खुद ब खुद सुना दी। आरोप है कि विश्व दीप ने महिला से पांच हजार रुपए और वही सोने की चैन ली और उसके पति को छोड़ दिया। उधर,जब अमरपाटन पुलिस ने चैन बरामद करने के लिए महिला के घर दबिश दी तब उसने विश्व दीप को चैन देने की बात कही।
यहां बता दें कि जिस बच्ची को चैन मिली थी, अमरपाटन पुलिस उसके परिजनों से चैन वापस मांग रही थी और इधर विश्व दीप ने साफ कह दिया था कि उसके पास कोई चैन नहीं है। तब संबंधित पक्ष ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए विश्व दीप से गोल्ड चैन वापस दिलाए जाने का अनुरोध किया। सूत्र बताते हैं कि शिकायत मिलने पर आरक्षक विश्व दीप को थाने से लाइन हाजिर कर दिया गया और जांच नगर पुलिस अधीक्षक को सौंप दी गई। देखने वाली बात होगी कि जांच में क्या सामने आता है। फिलहाल तो चैन वापस दिलाने के लिए दोबारा एक पत्र अंजना केकडी पति बाबू निवासी अमरपाटन की ओर से पुलिस अधीक्षक को दिया गया है जिसमें बताया गया है कि पड़ोसी किशन की बेटी को जो चैन मिली थी वह रेणु और शारदा दो गवाहों के सामने विश्व दीप को दी गई थी। दावा किया गया है कि कैमरों की रिकॉर्डिंग, फोन पर हुई बातचीत और कड़ी पूछताछ से सच सामने आ जाएगा। अब सवाल यह है कि विश्व दीप के पास अगर चैन नहीं है तो है कहां। क्या वजह है कि विश्व दीप को चैन दिए जाने की बात कही जा रही है। क्या कोई एक सिपाही के खिलाफ एसपी से झूठी शिकायत कर सकता है। सवाल यह है कि आखिर आठ लाख की चैन है कहां।