■ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत रामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सतना। पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन में संचालित विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार 2.0 के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक मैहर अवधेश प्रताप सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. चंचल नागर तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अमरपाटन ख्याति मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामनगर निरीक्षक विजय त्रिपाठी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहन जप्त किया गया है।
कार्रवाई के संबंध में बताया गया कि 11 जून को थाना रामनगर के सउनि भागचन्द कुशराम अपराध विवेचना एवं देहात भ्रमण पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि जिगना-हिनौती मार्ग पर ग्राम खोडरी मोड़ के समीप जंगल किनारे एक संदिग्ध वैगनआर कार यूपी 64 एल 6036 खड़ी है जिसमें अवैध मादक पदार्थ गांजा रखा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां सड़क किनारे कार खड़ी मिली लेकिन उसमें और आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में वाहन की तलाशी ली।तलाशी के दौरान वाहन की मध्य सीट पर रखे एक बड़े बैग तथा डिक्की में रखी एक काले रंग की झालनुमा बोरी से कुल 37 पैकेट बरामद किए गए।
सभी पैकेटों की जांच एवं वजन कराने पर उनमें कुल 35 किलो 90 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा पाया गया जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख 25 हजार रुपये है। मादक पदार्थ के साथ इसके परिवहन में प्रयुक्त वैगनआर कार लगभग 9 लाख रुपये कीमत की भी जप्त की गयी।आरोपी के विरुद्ध थाना रामनगर में धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। फरार आरोपी की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रामनगर निरीक्षक विजय त्रिपाठी के नेतृत्व में उनि आकाश बागड़े, सउनि भागचन्द कुशराम, प्रधान आरक्षक नितीश यादव, प्रधान आरक्षक कमलभान सिंह एवं आरक्षक गुड्डू पटेल की विशेष भूमिका रही।