सतना। विंध्य चेंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने चेंबर अध्यक्ष सतीश सुखेजा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव के सतना प्रवास के दौरान उनसे भेंट कर विंध्य क्षेत्र के व्यापारिक हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर ध्यान आकर्षित किया एवं ज्ञापन सौंपा। चेंबर अध्यक्ष सतीश सुखेजा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि विंध्य व्यापार मेला आयोजन के लिए भूमि आवंटित की जाए। व्यापार मेला के आयोजन हेतु 8 एकड़ शासकीय भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की गई थी।
चेंबर ने व्यापार संवर्धन बोर्ड की जिला समिति में प्रतिनिधित्व की मांग की है। इसके अलावा शहर के यातायात एवं सड़कों की व्यवस्था में सुधार कराए जाने की मांग की गई है। चेंबर अध्यक्ष ने बताया कि विंध्य चेंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज सतना के 61वें द्विवार्षिक अधिवेशन का आयोजन जून माह के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित है जिसमें पधारने के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया है।अधिवेशन की थीम स्थानीय व्यापार से वैश्विक बाजार तक रखी गई है।
चेंबर मंत्री हरिओम गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार का आश्वासन दिया एवं कलेक्टर सतीश कुमार एस को निर्देश दिए।प्रतिनिधिमंडल में चेंबर अध्यक्ष सतीश सुखेजा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोहर वाधवानी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, मंत्री हरिओम गुप्ता सहित कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।