सतना। जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के तिवनी गांव में रहने वाले युवक को घायल अवस्था में इलाज के लिए रीवा ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के पिता ने हत्या किए जाने की बात कही है, पुलिस इस दृष्टिकोण से जांच कर रही है।
मालूम हुआ है कि राजबहोर कोरी (30) अपने पिता संतोष कोरी से आधार कार्ड का काम कराने जाने की बात कहकर घर से सोमवार को दिन में निकला था। बाद में परिजनों को पता चला कि वह तुर्की रेलवे-स्टेशन के पास घायल पड़ा है। परिजन उसे इलाज के लिए रीवा ले गए लेकिन उसे वहां मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना रामपुर बाघेलान पुलिस को देते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
मंगलवार को डीएसपी मनोज दीक्षित और एफएसएल वैज्ञानिक अधिकारी डॉक्टर महेंद्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान टीआई संदीप चतुर्वेदी मौजूद रहे। डॉक्टर महेंद्र सिंह ने बताया कि सिर पर चोट कर हत्या किए जाने की संभावना है, घटनास्थल पर ज्यादा मात्रा में खून फैला था।
बताते हैं कि तुर्की रेलवे-स्टेशन के पास पटरी से लगभग सौ मीटर की दूरी पर दस दुकानें निर्माणाधीन हैं,चौथे नंबर की दुकान में फर्श और दीवार पर खून के दाग थे। पुलिस पता लगा रही है कि राजबहोर घर से कब निकला,कहां कहां गया,किससे किससे मिला,क्या कहीं उसका किसी से विवाद हुआ, घटनास्थल पर वह अकेले आया या कोई उसके साथ था। रामपुर बाघेलान टीआई का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होगा।