■ घर के अंदर मिले तराजू बांट और हथियार
सतना। कोलगवां थाना की बाबूपुर चौकी अंतर्गत ग्राम नैना सगमनिया में वन विभाग की टीम ने दबिश देकर एक घर की तलाशी ली। सूचना मिली थी कि जंगली सुअर का शिकार किया गया है। तलाशी में घर के अंदर कुछ हथियार मिले हैं जिन्हें जप्त किया गया है।

जंगली सुअर के शिकार की सूचना पर नैना सगमनिया में शराब दुकान, पानी टंकी के पास फॉरेस्ट टीम जब रामाधार बंसल के घर दबिश देने पहुंची तो वहां दरवाजे पर ताला लगा था। घर के आसपास सर्च के लिए टीम ने डाॅग स्काड की मदद ली। फॉरेस्ट विभाग से आए डाॅग स्पाटन ने टीम को घर के पीछे उस स्थान तक पहुंचाया जहां बड़े और गहरे गड्ढे के बाहर खून लगी पॉलिथिन पड़ी थी। तलाश करने पर यहीं नजदीक एक गिलास और प्लेट भी मिले जिसमें खून लगा था। स्मैल देकर डाॅग को जितनी बार छोड़ा गया वह रामाधार के दरवाजे पर पहुंचा। घर के भीतर सुराग सबूत मिलने की संभावना में रेंजर शुभम दुबे ने वरिष्ठ अधिकारी से बात कर सर्च वारंट प्राप्त किया।
[जानवर देने वाले का नाम आया सामने]
जिस दौरान फॉरेस्ट टीम पता लगा रही थी कि घर किसका है घर के लोग कहां हैं, उस बीच एक महिला वहां आई और कार्रवाई में हस्तक्षेप करने लगी तब मदद के लिए बाबूपुर चौकी से पुलिस बल की मांग की गई। पूछतांछ में महिला ने अपना नाम प्रिया बंसल,पति का नाम सरमन बताया। उसने बताया घर उसके पिता रामाधार का है लेकिन एक हफ्ते से वो मैहर में हैं। यहां उसका भाई निखिल था। एक तरफ प्रिया ने कहा वो पांच साल से यहां नहीं आई, पिता और भाई से उसका कोई नाता नहीं है, दूसरी ओर उसने टीम को बताया कि जो भी शिकार था वह काटने के लिए मौले सिंह ने दिया था उसने कहा था एक्सीडेंट में जानवर मरा था, इसलिए उससे पूछताछ की जाए।
[ लैब में होगी जांच ]
वन विभाग की टीम ने सर्च वारंट प्राप्त होने पर रेंजर शुभम दुबे के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए घर की तलाशी ली। इस दौरान डिप्टी रेंजर जितेंद्र द्विवेेदी, वनरक्षक संजय सिंह, विष्णु गौतम, विनय पांडेय, बाबूपुर चौकी से प्रधान आरक्षक वेद प्रकाश मिश्रा, सरपंच उर्मिला के पति मंजीत बेन सहित अन्य लोग मौजूद रहे। फॉरेस्ट टीम ने प्रिया की मौजूदगी में ताला तोड़कर घर की तलाशी ली तो तराजू, बांट, चाकू,बका, हंसिया,कुल्हाड़ी और जानवर के बाल मिले। इन्हें जप्त करते हुए रेंजर शुभम दुबे ने बताया कि जप्त की गई सारी चीजें लैब टेस्ट के लिए भेजी जाएगी।