■ चार दिन में देनी होगी कलेक्टर को रिपोर्ट
सतना। पर्यावरण संरक्षण और जन स्वास्थ्य सुरक्षा के लिहाज से प्रदूषण नियंत्रण करने के लिए विशेष जांच अभियान चलाए जाने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कलेक्टर ने चार दिन में जांच रिपोर्ट मांगी है। कलेक्टर मैहर बिदिशा मुखर्जी ने वायु प्रदूषण में लगातार हो रही वृद्धि के फलस्वरूप जिले में उद्योगों से उत्सर्जित धूल एवं धुआं से प्रदूषण नियंत्रण के लिए जांच दल गठित किया है।
कलेक्टर ने जिला मैहर के एयर क्वालिटी इन्डेक्स की समीक्षा में पाया कि उद्योगों से उत्सर्जित धूल एवं धुआं जन सामान्य के स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर रहे हैं, जिस पर तत्काल नियंत्रण किया जाना आवश्यक है। कलेक्टर ने जिला मुख्यालय से 20 किमी की परिधि में आने वाले समस्त खनिज आधारित उद्योग, क्रेशर संयंत्र एवं अन्य संबंधित औद्योगिक प्रतिष्ठानों में प्रदूषण नियंत्रण के लिए किये गये उपायों की जांच के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मैहर के नेतृत्व में तीन अधिकारियों की टास्क फोर्स गठित की है।
इस जांच दल में एसडीएम दल प्रभारी और क्षेत्रीय अधिकारी म.प्र. प्रदूषण नियंत्रण मण्डल, तहसीलदार और सहायक खनिज अधिकारी इसके सदस्य होंगे। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी बिदिशा मुखर्जी ने दल को निर्देशित किया है कि सभी उद्योगों में डस्ट सेपरेशन सिस्टम, बैग फिल्टर,स्प्रिंकलर, बाउण्ड्रीवाल, ग्रीन बेल्ट,वृक्षरोपण एवं धूल, धुआं नियत्रण मानकों की वैधानिकता की स्थिति का सत्यापन करें। यह दल समस्त इकाइयों की नियमानुसार जांच कर चार दिवस के भीतर अपना प्रतिवेदन कलेक्टर को प्रस्तुत करेगा। जिन इकाइयों द्वारा नियमों के अनुरूप पालन किया जाना नहीं पाया जाएगा उनपर कार्यवाही के लिए प्रस्ताव रखना भी जांच टीम सुनिश्चित करेगी।