■ पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
सतना। रीवा जोन आईजी गौरव राजपूत के ‘आपकी पुलिस आपके द्वार’ अभियान के तहत कोठी अंतर्गत बरहना गांव में ‘जन चौपाल’ का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह की मौजूदगी में आयोजित चौपाल में एसडीओपी रघु केशरी सहित कोठी थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।संवाद के दौरान ग्रामीणों ने खुले तौर पर अपनी समस्याएं रखीं। स्थानीय निवासियों ने तालाब के पास अनावश्यक नशेड़ियों के जमावड़े और कुछ स्थानों पर अवैध शराब बिक्री की शिकायत के साथ पंचायत स्तर की समस्याओं पर भी खुलकर चर्चा की ।
इस पर पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह द्वारा एसडीओपी और थाना प्रभारी को तत्काल पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि ऐसे असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। बैठक में सुरक्षा और सहायता का भरोसा दिलाते हुए किसी भी अपराध की सूचना बिना किसी हिचकिचाहट पुलिस को देंने की बात कही गई। बैठक में साइबर फ्रॉड, सड़क दुर्घटना,महिला सुरक्षा, जैसे मामलो पर सीधा संवाद करते हुए जनता और पुलिस के बीच की दूरी को कम करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित नागरिकों के साथ अपने व्यक्तिगत मोबाइल नंबर साझा किए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति या सूचना साझा करने के लिए ग्रामीण सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जन, थाना स्टाफ और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पुलिस की इस पहल की क्षेत्र में काफी सराहना की जा रही है।