■ स्व. दादा असीम बनर्जी एवं सरोज देवी को दी श्रद्धांजलि
सतना । अल्प प्रवास पर सतना आए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को यहां वरिष्ठ समाजसेवी उत्तम बनर्जी के पिता स्वर्गीय दादा असीम बनर्जी के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर ढांढस बंधाया। इस दौरान नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, सांसद सतना गणेश सिंह, खजुराहो सांसद बीडी शर्मा, महापौर योगेश ताम्रकार, जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय ने भी स्व. दादा असीम बनर्जी को श्रृद्धांजलि अर्पित की।
सतना प्रवास पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समाजसेवी मणिकांत माहेश्वरी की पूज्य माताजी स्वर्गीय श्रीमती सरोज देवी माहेश्वरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।मुख्यमंत्री ने सिटी कोतवाली के पीछे स्थित माहेश्वरी निवास में स्व. श्रीमती माहेश्वरी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया।
चित्रकूट विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष से की औपचारिक भेंट
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने चित्रकूट विकास प्राधिकरण के नव नियुक्त अध्यक्ष विजयपाल यादव के डालीबाबा चौक कामता टोला स्थित आवास पर पहुंचकर उनसे औपचारिक भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विजयपाल यादव की पूज्य माता स्व. श्रीमती मूर्ति देवी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। स्व. श्रीमती यादव का 20 मार्च 2026 को देहावसान हो गया था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उनके परिजनों से आत्मीय मुलाकात की।
मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के सतना पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने आत्मीय अगवानी की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ रीवा से हेलीकाप्टर द्वारा सांसद खजुराहो बीडी शर्मा, सांसद गणेश सिंह भी सतना आये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के एयरपोर्ट सतना पहुंचने पर नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, विधायक चित्रकूट सुरेन्द्र सिंह गहरवार सहित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियो ने एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री की अगवानी की। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय, स्पीकर नगर निगम राजेश चतुर्वेदी, विंध्य विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय तीर्थवानी, पूर्व विधायक ऊषा चौधरी, विंध्य चेम्बर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष सतीश सुखेजा, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सतना जिले के अपने प्रवास के दौरान कामता टोला से बायपास होकर एयरपोर्ट वापसी की। इस दौरान डेलौरा मोड के पास बडी संख्या में उपस्थित लाडली बहनों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय अभिनंदन किया।
