■ अमदरा थाना पुलिस कर रही जांच
सतना। मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक ट्रक में लाश मिली है। मामला संदिग्ध है, पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। पता चला है कि इत्र परफ्यूम लेकर जबलपुर से कानपुर के लिए रवाना हुआ ट्रक जब समय पर नहीं पहुंचा तो उसके मालिक ने जीपीएस ट्रैकर से लोकेशन का पता किया। एक परिचित को भेजकर ट्रक की खोज कराई तो ट्रक के अंदर ड्राइवर मृत पड़ा मिला। इसकी खबर अमदरा थाना पुलिस को लगी तो मामला संदिग्ध मानते हुए फॉरेंसिक वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. महेन्द्र सिंह को जांच के लिए बुलाया गया। मृतक की पहचान सर्वेश पिता गिरजा शंकर दीक्षित (46) निवासी हसनपुर थाना बिंदकी जिला फतेहपुर उप्र के रूप में की गई है। वह ट्रक यूपी 15 ईटी 0586 में परफ्यूम लेकर गुरूवार को जबलपुर से निकला था। शनिवार की सुबह तक नहीं पहुंचने पर ट्रक मालिक ने खोजबीन शुरू की। इस बीच पुलिस भी ट्रक तक पहुंच गई थी। ट्रक में चालक के अलावा कोई कर्मचारी नहीं मिला। अक्सर लंबी दूरी की गाड़ियों में खलासी साथ में होता है, लेकिन इस गाड़ी में खलासी भी नहीं था। पता चला है कि शुक्रवार की सुबह करीब 5 बजे यह ट्रक अमदरा थाना क्षेत्र में धर्मकांटा के पास आकर रुका था, इसके बाद यहीं पर खड़ा रहा। यह बात सामने आई है कि सर्वेश चार भाई हैं और चारों एक ही कंपनी की गाड़ी चलाते हैं। यह बात मौके पर पहुंचे सर्वेश के बड़े भाई सुरेश दीक्षित ने पुलिस को दी है। फॉरेंसिक अधिकारी डॉ.महेन्द्र सिंह का कहना है कि मृतक की बॉडी डीकम्पोज हो चुकी है, लेकिन मामला संदिग्ध है। इसलिए ट्रेकिया, बिसरा को प्रिजर्व करने के निर्देश थाना पुलिस को दिए हैं।