■ प्रॉपर्टी डीलर के घर को बनाया निशाना
■ एक लाख से अधिक की रकम के साथ लाखों के जेवर चोरी
सतना। शहर में इन दिनों चोरों का आतंक है। एक रात पहले कोलगंवा थाना क्षेत्र की भरहुत नगर कॉलोनी में चार्टर्ड अकाउंटेंट के घर में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया था। इस घटना के आरोपियों का कोई सुराग मिलता उसके पहले अज्ञात चोरों ने सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के एक घर को अपना निशाना बना लिया। दोनों वारदातों में खास बात यह है कि घर के अंदर लोगों के मौजूद रहते हुए बदमाशों ने अपना काम किया। इससे समझा जा सकता है कि बदमाशों का हौसला कितना बुलंद है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बगहा बाईपास कलश मंडप पैलेस के पीछे सैनिक कॉलोनी में चोरी की यह वारदात गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात की है। चोरों ने यहां प्रॉपर्टी डीलर दिनेश सिंह सिद्धू के घर को निशाना बनाया है। घटना की जानकारी देते हुए दिनेश सिंह के पुत्र अर्पित सिंह ने बताया कि वह एक निजी फूड डिलीवरी कंपनी में मैनेजर हैं, उनके बड़े भाई अनुराग सिंह प्रॉपर्टी डीलर हैं। कुछ समय पहले रेलवे 24/7 कोच रेस्टोरेंट का संचालन करते थे। अर्पित ने बताया कि गुरुवार की रात करीब 11 बजे वह घर वापस आए। रात करीब 12.30 बजे घर के सभी लोग सोने चले गए। दो मंजिला भवन के निचले तल पर तीन कमरे हैं इनमें से एक में अर्पित अपनी पत्नी के साथ थे और गेस्ट रूम में दिनेश सिंह अपनी पत्नी के साथ थे। प्रथम तल पर बने कमरों में एक में अनुराग सिंह पत्नी सहित थे जबकि दूसरे कमरे में किराएदार थे। रात करीब 2:30 बजे अर्पित सिंह की मां की नींद खुली और वह अपने कमरे में गईं तो उन्होंने वहां सारा सामान फैला हुआ देखा इसके बाद उन्होंने घर के सभी सदस्यों को जगाया।
दरवाजे को काटकर दाखिल हुए चोर
अर्पित ने बताया कि घर के मुख्य दरवाजे को काटकर अंदर दाखिल हुए अज्ञात चोरों ने माता-पिता के कमरे में रखी अलमारी सहित कई कवर्ड को तोड़ा इनकी तलाशी ली और एक लाख रुपए से अधिक की नगदी सहित करीब 10 तोला के सोना चांदी जेवर पार कर दिए। उन्होंने बताया कि चोर अंगूठी, चेन, कान के बाले, सोने के लॉकेट, चांदी की पायलों सहित अन्य जेवर चोरी कर ले गए हैं।
घर में डॉग है, कैमरा नहीं
मालूम हुआ है कि इस घर में सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं लेकिन एक लेब्रा डॉग था जो अर्पित के कमरे में मौजूद था। घटना की जानकारी देते हुए अर्पित ने आशंका जताई कि शायद बदमाशों ने बेहोशी की किसी दवा का इस्तेमाल किया। उन्होंने यह भी बताया कि उनके घर के आसपास तकरीबन 40 घरों की आबादी है लेकिन इधर पुलिस की गश्त नहीं होती, बाईपास में पुलिस रहती है जो कभी अंदर नहीं आती। उन्होंने बताया कि रात के वक्त ही पुलिस को सूचना दे दी गई थी तकरीबन 3.15 बजे पुलिस आ गई थी। जबकि सिविल लाइन थाना टीआई योगेंद्र सिंह शुक्रवार की सुबह घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उनके साथ डॉग स्क्वायड भी आया था। फिलहाल पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है लेकिन पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जाएगी।
सीए के घर हो चुकी वारदात
यहां बता दें कि मंगलवार और बुधवार यानी 19 और 20 तारीख की दरमियानी रात कोलगंवा थाना क्षेत्र अंतर्गत भरहुत नगर में चार्टर्ड अकाउंटेंट पंकज डागा के घर में चोरी की वारदात हुई थी। इस घटना को तब अंजाम दिया गया था जबकि पंकज और उनकी मां घर के अंदर मौजूद थे। यहां चोर घर की खिड़की की ग्रिल काटकर घुसे थे। अर्पित का कहना है कि उनके घर में भी दरवाजे को काटने के लिए शायद किसी कटर मशीन का इस्तेमाल किया गया है। ऐसे में सवाल काबिज हो रहा है कि क्या इन दोनों वारदातों के पीछे किसी एक गिरोह का हाथ हो सकता है।
